नलखेड़ा ज्वेलरी लूटकांड का पर्दाफाशः नलखेड़ा पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 14.125 किलो चांदी बरामद
Spread the loveज्वेलरी व्यापारी से लूट का खुलासा,...
Spread the loveज्वेलरी व्यापारी से लूट का खुलासा,...
Spread the loveShardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्रि हिंदू...
Spread the loveरायपुर। छत्तीसगढ़ के राशन कार्ड धारकों...
ज्वेलरी व्यापारी से लूट का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार
नलखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14.125 किलो चांदी और दो बोलेरो वाहन जब्त
नलखेड़ा। ज्वेलरी व्यापारी से लूट के करीब डेढ़ साल पुराने मामले का नलखेड़ा पुलिस ने खुलासा करते हुए अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से कुल 14 किलो 125 ग्राम चांदी तथा वारदात में प्रयुक्त दो बिना नंबर की बोलेरो वाहन जब्त किए हैं। पुलिस की लगातार कार्रवाई के दौरान लूटी गई चांदी को खरीदकर गलाने वाले आरोपी तक भी पुलिस पहुंची और उसके कब्जे से 5 किलो 985 ग्राम चांदी की सिल्ली बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में लगातार साक्ष्य संकलन, तकनीकी विश्लेषण एवं मुखबिर तंत्र की मदद से मामले की कड़ियां जोड़ी गईं। ASP रविंद्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन एवं SDOP सुसनेर देवनारायण यादव के पर्यवेक्षण में नलखेड़ा पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाया।
रास्ते में रोककर की थी ज्वेलरी व्यापारी से लूट
पुलिस के अनुसार 23 मई 2025 की रात करीब 9 बजे नलखेड़ा निवासी फरियादी पारस सोनी अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर कर्मचारी दुर्गेश मीणा के साथ स्कूटी से घर जा रहे थे। इसी दौरान मोदी तिराहा-बड़लावदा रोड, जसवाल कॉलोनी के पास पीछे से आई सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो में सवार बदमाशों ने फरियादी के साथ मारपीट कर ज्वेलरी एवं अन्य सामान लूट लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना नलखेड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 133/2025 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एक-एक कर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश, संदिग्धों से पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और विश्वसनीय सूचना तंत्र के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
10 जून 2025 को आरोपी प्रेमचन्द्र, विक्रम, सत्री एवं पुरिलाल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलो 40 ग्राम चांदी जब्त की गई। इसके बाद 2 अगस्त 2025 को आरोपी रतनलाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
राजस्थान क्षेत्र में भी पुलिस ने लगातार प्रयास जारी रखे। 16 सितंबर 2026 को आरोपी सुराराम तथा 21 सितंबर 2026 को आरोपी सत्यनारायण उर्फ नैतराम को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों से पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो भी जब्त की गई।
चांदी खरीदकर गलाने वाले आरोपी तक पहुंची पुलिस
लूटी गई चांदी को खरीदकर गलाने वाले आरोपी की तलाश में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। जांच में सामने आया कि लूटी गई चांदी को खरीदकर चांदी की सिल्ली में परिवर्तित किया गया था।
पुलिस ने 27 सितंबर 2026 को आरोपी रामेश्वरलाल उर्फ रमेश को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लूटी गई चांदी को गलाकर बनाई गई 5 किलो 985 ग्राम चांदी की सिल्ली बरामद की गई।
इस प्रकार पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के साथ-साथ लूटे गए माल को खरीदने एवं उसका स्वरूप बदलने वाले व्यक्ति तक भी कार्रवाई पहुंचाई।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपियों में प्रेमचन्द्र, विक्रम, सत्री, पुरिलाल, रतनलाल, सुराराम, सत्यनारायण उर्फ नैतराम तथा रामेश्वरलाल उर्फ रमेश शामिल हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में दीपक विश्वकर्मा, बालकृष्ण चिकर, संजय दांगी, रामप्रसाद दांगी, मेहरवान दांगी, राजेश दांगी, वीरेंद्र सिंह (साइबर सेल), रवि दोहरे (साइबर सेल), अकरम खान तथा सुरेश मेघवाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने शेष आरोपियों एवं लूटे गए माल की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को लगातार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

