आनंदपुर धाम में शताब्दी महोत्सव का महासंगम, 20 को उमड़ेगी आस्था की भीड़पंचम पादशाही श्री गुरु महाराज के 100वें जन्मोत्सव को लेकर देश-विदेश से पहुंच रही संगत, एक लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान
ईसागढ़ -ईसागढ़। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री आनंदपुर धाम में पंचम पादशाही श्री गुरु महाराज 108 श्री परमहंस सद्गुरुदेव दाता के 100वें जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। 20 सितंबर को होने वाले शताब्दी जन्मोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए ट्रस्ट और स्थानीय स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। देश के अलग-अलग राज्यों के साथ ही विदेशों से भी संगत का आनंदपुर धाम पहुंचना शुरू हो गया है। आयोजकों के अनुसार मुख्य आयोजन के दिन करीब 80 हजार से एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।श्री आनंद चेरिटेबल ट्रस्ट के महात्मा श्री शब्द सागर आनंद ने बताया कि शताब्दी जन्मोत्सव के तहत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 18 सितंबर को श्रद्धालुओं को लेकर स्पेशल ट्रेन अशोकनगर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। 19 सितंबर को पावन शाही स्नान होगा, जबकि 20 सितंबर को मुख्य जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मुख्य दिवस पर सुबह आरती के बाद भव्य सत्संग और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।ऑनलाइन पंजीयन में भी दिखा श्रद्धालुओं का उत्साहआयोजन को लेकर श्रद्धालुओं के उत्साह का अंदाजा ऑनलाइन पंजीयन से लगाया जा सकता है। ट्रस्ट के अनुसार 12 सितंबर तक ही 70 हजार से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं बुकिंग करा चुके थे। इसके बाद भी लगातार संगत के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिना अग्रिम बुकिंग के भी धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे में मुख्य कार्यक्रम के दिन श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख के आसपास पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।विदेशों से भी पहुंचेंगे श्रद्धालुशताब्दी जन्मोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेशों से आने वाली संगत भी शामिल होगी। ट्रस्ट के अनुसार अब तक विदेशों से करीब 200 से 300 श्रद्धालुओं के आने की पुष्टि हो चुकी है। कार्यक्रम तक यह संख्या और बढ़ सकती है। इससे आनंदपुर धाम में देश-विदेश से आने वाली संगत का विशेष समागम देखने को मिलेगा।भीड़ नियंत्रण के लिए बदली प्रवेश-निकासी व्यवस्थाश्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए इस बार प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। धाम परिसर में नया प्रवेश द्वार तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं को नए गेट से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि दर्शन एवं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद निकासी पुराने गेट से कराई जाएगी। वन-वे व्यवस्था का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखना है।बसों और वाहनों के लिए नया पार्किंग क्षेत्रबाहर से आने वाली बसों और निजी वाहनों की संख्या को देखते हुए नए प्रवेश द्वार के समीप नया बस स्टैंड और पार्किंग क्षेत्र तैयार किया गया है। यहां बड़ी संख्या में वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाएगा। मुख्य सड़कों पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा कराने की व्यवस्था की गई है।जाम की स्थिति से निपटने मिनी क्रेन तैनातआयोजन के दौरान मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए मिनी क्रेन भी तैनात की गई हैं। सड़कों पर बेतरतीब या अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने के लिए इनका उपयोग किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी सुचारु रखने का प्रयास किया जाएगा।18 से 23 सितंबर तक स्कूल में अवकाशश्रद्धालुओं के भारी आवागमन और क्षेत्र में बनने वाली यातायात व्यवस्था को देखते हुए श्री आनंद प्राइमरी स्कूल हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में 18 से 23 सितंबर तक छह दिनों का अवकाश घोषित किया गया है। आयोजन के दौरान क्षेत्र में वाहनों और लोगों की आवाजाही अधिक रहने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।अंतिम दौर में तैयारियां, प्रशासन-ट्रस्ट जुटेशताब्दी महोत्सव को लेकर श्री आनंद चेरिटेबल ट्रस्ट के साथ स्थानीय स्तर पर भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रवेश द्वार, पार्किंग, बस स्टैंड, यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़े इंतजामों को व्यवस्थित किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में संगत पहुंचने को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।20 सितंबर को आनंदपुर धाम में होने वाला शताब्दी जन्मोत्सव श्रद्धा और आध्यात्मिकता के बड़े समागम के रूप में आयोजित होगा। देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आने वाली संगत के चलते धाम में कई दिनों तक धार्मिक उत्सव का माहौल बना रहेगा।