देश के प्रमुख रिटेलर्स के मुताबिक सैमसंग के नए फोल्डेबल स्मार्टफोन गैलेक्सी Z फोल्ड8 अल्ट्रा, गैलेक्सी Z फोल्ड8 और गैलेक्सी Z फ्लिप8 की कीमतें भारत में जल्द बढ़ सकती हैं। इन सैमसंग फोल्डेबल फोन की कीमत 1.25 लाख से 2.6 लाख रुपये के बीच है, और ये अब तक का सबसे बेहतरीन फोल्डेबल एक्सपीरियंस देते हैं, जिसमें खास तौर पर बनाया गया गैलेक्सी एआई और हिंज डिजाइन, डिस्प्ले, मजबूती व परफॉर्मेंस में की गई बड़ी इंजीनियरिंग तरक्की शामिल है।
खुलने पर सिर्फ 4.1 मिमी मोटाई के साथ गैलेक्सी Z फोल्ड8 अल्ट्रा सैमसंग का अब तक का सबसे पतला गैलेक्सी Z फोल्ड फोन है। वहीं दूसरी तरफ गैलेक्सी Z फोल्ड8 का वजन सिर्फ 201 ग्राम है, जिससे यह सैमसंग का अब तक का सबसे हल्का फोल्ड फोन बन जाता है।
सैमसंग इंडिया के मुताबिक गैलेक्सी Z फोल्ड8 अल्ट्रा, गैलेक्सी Z फोल्ड8 और गैलेक्सी Z फ्लिप8 को भारत में रिकॉर्ड प्री-ऑर्डर मिले हैं, जिसमें लॉन्च के सिर्फ 72 घंटों के भीतर करीब 2.71 लाख लोगों ने इन स्मार्टफोन के लिए प्री-ऑर्डर किया। इस महीने की शुरुआत में इन डिवाइस की बिक्री तेजी से शुरू हुई थी, लेकिन रिटेलर्स को डर है कि जल्द ही कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है, क्योंकि स्मार्टफोन के लिए एक अहम कंपोनेंट माने जाने वाले मेमोरी चिप की मांग पहले कभी इतनी नहीं रही।
सैमसंग ने पिछले महीने कहा था कि वह ग्राहकों के हित को ध्यान में रखते हुए स्मार्टफोन की बढ़ती लागत के बड़े हिस्से का बोझ खुद उठा रही है। कंपनी ने भारत में गैलेक्सी Z फोल्ड8 अल्ट्रा, गैलेक्सी Z फोल्ड8 और गैलेक्सी Z फ्लिप8 खरीदने वालों के लिए एक लंबी अवधि की जीरो कॉस्ट ईएमआई भी शुरू की है।
सैमसंग साउथवेस्ट एशिया के प्रेसिडेंट और सीईओ जे बी पार्क ने लंदन में नए गैलेक्सी फोल्डेबल फोन के लॉन्च पर कहा, “अगर आप देखें कि प्रतिस्पर्धी कंपनियों ने अपनी कीमतें कितनी बढ़ाई हैं, तो सैमसंग की बढ़ोतरी उनके मुकाबले काफी कम है, क्योंकि हम खुद यह बढ़ी हुई लागत उठा रहे हैं। ऐसा हम इसलिए नहीं कर रहे कि हम अपनी बाजार हिस्सेदारी बनाए रखना चाहते हैं या उसे बढ़ाना चाहते हैं, बल्कि इसलिए क्योंकि हम एक ऐसी कंपनी हैं जिसका ध्यान सबसे बेहतरीन डिवाइस देने पर है, और इसके लिए 2026 में हम जो नुकसान उठा रहे हैं, वह बहुत बड़ा है।”
जानकारों का कहना है कि अगर सैमसंग भारत में अपने नए गैलेक्सी Z फोल्ड8 अल्ट्रा, गैलेक्सी Z फोल्ड8 और गैलेक्सी Z फ्लिप8 स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ाती है, तो उन्हें कोई हैरानी नहीं होगी।
रिसर्च फर्म स्मार्ट एनालिटिक्स ग्लोबल के मुताबिक दुनिया भर में मेमोरी की कीमतों को लेकर चल रहे संकट की वजह से भारत में स्मार्टफोन बाजार पर दबाव बना रहेगा। रिसर्च फर्म ने आगे बताया कि बाजार में पहले से बिक रहे स्मार्टफोन की कीमतें भी बढ़ेंगी, और नए स्मार्टफोन भी पहले से महंगी कीमत के साथ लॉन्च हो सकते हैं।
रिटेलर्स ने आगे कहा कि मेमोरी चिप्स की आपूर्ति का संकट और गहराता जा रहा है, इसलिए ग्राहकों के लिए अधिक उपयुक्त होगा कि वे त्योहारी सीजन के डिस्काउंट का प्रतीक्षा करने के बजाय अभी ही स्मार्टफोन और लैपटॉप खरीद लें।