रायपुर: रायपुर नगर निगम के जोन-7 स्वास्थ्य विभाग ने समता कॉलोनी भैंसथान और आवासीय क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित 4 डेयरियों पर सख्त कार्रवाई की है। मवेशियों को सड़क पर खुले में छोड़ने और गंदगी फैलाने के मामले में संचालकों पर कुल 14,000 रुपए का ई-जुर्माना लगाया गया है।
नगरीय निकाय के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र के नागरिकों से लगातार जनशिकायतें मिल रही थीं। आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन-7 कमिश्नर डॉ. तृप्ती पाणीग्रही के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अग्रसेन चौक, मंगलम प्लाजा, श्री गणेश मंदिर और खाटू श्याम मंदिर के समीप औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शिकायतें सही पाए जाने पर निम्नलिखित कार्रवाई की गई:
राहुल सिंह ठाकुर: अग्रसेन चौक (5,000 रुपए जुर्माना)
राजू सोनकर: समता कॉलोनी मार्ग (3,000 रुपए जुर्माना)
होरीलाल यादव: समता कॉलोनी मार्ग (3,000 रुपए जुर्माना)
संतोष सोनकर: समता कॉलोनी मार्ग (3,000 रुपए जुर्माना)
प्रशासन ने सभी डेयरी संचालकों को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी दी है कि यदि मवेशियों को दोबारा सड़कों पर छोड़ा गया, तो और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।