150 से अधिक गायक-गायिकाओं ने दी प्रस्तुति, 25 से अधिक संगीत संस्थाएं शामिल हुई।
सुप्रसिद्ध गायक महेश मोयल को मिला ‘स्वर सम्राट मुकेश शिखर सम्मान’
उज्जैन। माधव एक्सप्रेस/ठहाका सम्मेलन समिति द्वारा पार्श्व गायक एवं स्वर सम्राट मुकेश जी की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कालिदास अकादमी के अभिरंग नाट्यगृह में भव्य संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ठहाका सम्मेलन समिति के संस्थापक-संयोजक डॉ. महेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे प्रारंभ होकर देर रात तक चला।
150 से अधिक कलाकारों ने दी मुकेश जी को स्वरांजलि
कार्यक्रम में उज्जैन सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी शामिल हुए। 25 से अधिक संगीत संस्थाओं तथा 150 से अधिक गायक-गायिकाओं ने मुकेश जी के लोकप्रिय एवं सदाबहार गीत प्रस्तुत कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे आयोजन के दौरान मुकेश जी के गीतों से सभागार गूंजता रहा और श्रोता भावविभोर नजर आए।
कार्यक्रम में शहर की विभिन्न संगीत संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता के लिए उनका सम्मान भी किया गया। महिदपुर, उन्हेल, नागदा, रतलाम, बड़नगर, तराना, कायथा, देवास एवं इंदौर सहित विभिन्न स्थानों से संगीत संस्थाओं और कलाकारों ने आयोजन में सहभागिता की।
महेश मोयल को ‘स्वर सम्राट मुकेश शिखर सम्मान’
आयोजन के विशेष अवसर पर सुप्रसिद्ध गायक महेश मोयल को उनकी उल्लेखनीय संगीत साधना एवं गायन के लिए ‘स्वर सम्राट मुकेश शिखर सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही संध्या गढ़वाल, मन्नू मास्टर, गोरीशंकर दुबे, गोपाल शिंदे, मुकेश शिंदे एवं मुकेश गौड़ सहित अनेक प्रतिष्ठित गायकों का भी सम्मान किया गया।
प्रमुख अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरी जी महाराज रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कपिल यार्दे ने की। विशेष अतिथि के रूप में मुकेश यादव, अमित श्रीवास्तव, रवि राय, दीपक बेलानी एवं संजय यादव सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उज्जैन शहर के अनेक प्रतिष्ठित गायक-गायिकाओं, संगीत साधकों एवं संगीत प्रेमियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संचालन डॉ.अनामिका सोनी द्वारा किया गया।
ठहाका सम्मेलन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ठहाका सम्मेलन समिति के संस्थापक-संयोजक डॉ. महेन्द्र यादव के साथ रितिक यादव, अशोक भाटी, दिनेश दिग्गज, सुरेन्द्र सर्किट, प्रीति दीक्षित, हृदेश आचार्य, नवीन सिसोदिया, लखन रायकर ,दीपक सोनी सहित समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने कहा कि मुकेश जी भारतीय फिल्म संगीत के ऐसे महान गायक थे, जिनकी आवाज आज भी करोड़ों संगीत प्रेमियों के हृदय में जीवित है। उनकी 50वीं पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम उनकी अमर स्वर-साधना को समर्पित एक विनम्र श्रद्धांजलि है।