188.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामाकोटा बैराज क्षेत्र के 11 हजार से अधिक किसानों को देगा सिंचाई सुविधा
उज्जैन । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार 17 जून को उज्जैन जिले की झारड़ा तहसील में 188.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामाकोटा बैराज का लोकार्पण करेंगे। छोटी कालीसिंध नदी पर निर्मित इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के 11 हजार से अधिक किसान परिवारों को आधुनिक सूक्ष्म दाब सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
सामाकोटा बैराज परियोजना की जल संग्रहण क्षमता 17.57 मिलियन घन मीटर है। इसके माध्यम से कुल 7,236 हेक्टेयर कृषि भूमि में पाइप पद्धति से सिंचाई की व्यवस्था की गई है। परियोजना से झारड़ा तहसील के 18 गांवों के लगभग 11,093 किसान परिवार लाभान्वित होंगे।
परियोजना के अंतर्गत दो पंप हाउस बनाए गए हैं। पंप हाउस क्रमांक-1 से 5,548 हेक्टेयर तथा पंप हाउस क्रमांक-2 से 1,738 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जाएगी। बैराज की ऊंचाई 13 मीटर तथा लंबाई 1,010 मीटर है, जिसमें 12 मीटर × 8.85 मीटर आकार के 11 गेट स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर विभिन्न विभागों के 19 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे। इनमें 4.35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित महाविद्यालय का नवीन भवन, लोक शिक्षण विभाग के तीन विद्यालय भवन, 1.91 करोड़ रुपये की लागत से मोचीखेड़ा में निर्मित नवीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा झारड़ा क्षेत्र में निर्मित 13 उप स्वास्थ्य केंद्र भवन शामिल हैं।
इन सभी परियोजनाओं को मिलाकर कुल 207 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विद्युत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।