शाजापुर। कलेक्टर ऋजु बफना के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न ढाबों, किराना दुकानों और गुमटियों पर छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान 7 प्रकरण पंजीबद्ध किए जा रहे हैं।
अनुविभागीय दंडाधिकारी मनीषा वास्कले एवं तहसीलदार गौरव पोरवाल ने राजस्व दल के साथ राधास्वामी आश्रम के पास संचालित ढाबे सहित ग्राम लोंदिया, भालूखेड़ा एवं बापचा क्षेत्र में कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान ग्राम लोंदिया निवासी मनोहर पिता करण सिंह, भेरूलाल पिता रामलाल, भगवान पिता कैलाश गिरी, भालूखेड़ा निवासी राधेश्याम पिता भेरूलाल कटारिया तथा ग्राम बापचा में रुगनाथ पिता खेमा की किराना दुकान एवं गुमटी पर अवैध रूप से शराब बिक्री पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
एसडीएम मनीषा वास्कले ने बताया कि कार्रवाई के दौरान देशी, अंग्रेजी शराब एवं बीयर की बोतलें जप्त की गई हैं। सभी मामलों में पुलिस थाना लालघाटी में प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।