मक्सी। उज्जैन जिले के डिंगरोदा गांव में गुरुवार को भक्ति और आस्था से ओतप्रोत भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। यहां श्री केशरिया आदिनाथ भगवान की प्रतिमा की विधि-विधान से प्रतिष्ठा की गई, साथ ही चरण पादुका प्रतिष्ठा महोत्सव एवं केशरिया कांति विहार धाम का उद्घाटन भी श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।
महोत्सव के दौरान सर्वप्रथम भगवान आदिनाथ की प्रतिमा की प्रतिष्ठा कर पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात भगवान की पावन चरण पादुका का विधिवत पूजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।
यह आयोजन जिनालय प्रेरणा एवं भोपावर तीर्थोधारक मालइंदु तथा आचार्य देवेश श्री नवरत्न सागर सूरी महाराज के दिव्य सान्निध्य एवं आशीर्वाद में सम्पन्न हुआ। साथ ही प्रतिष्ठाचार्य, युवा सम्राट एवं जिनशासन हितचिंतक महामांगलिक प्रदाता आचार्यश्री विश्वरत्न सागर सूरीश्वर जी महाराज की प्रेरणा से कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्राप्त हुई।
उल्लेखनीय है कि मक्सी तीर्थ के समीप ग्राम डींगरोदा में 117 वर्ष प्राचीन श्री आदिनाथ चरण पादुका की प्रतिष्ठा पूर्व में रामचन्द्र मथुरालाल द्वारा जिन मंदिर निर्माण के साथ कराई गई थी।
स्वर्गीय सेठ कांतिलाल जैन की पावन स्मृति में उनकी धर्मपत्नी माता अन्नपूर्णा बाई एवं पुत्र महेंद्र, इंदु, नरेंद्र, शैलेष तथा पुत्रियां ममता, हंसा एवं पौत्र-पौत्रियों द्वारा श्री केसरिया आदिनाथ भगवान मंदिर एवं कांति विहार धाम का निर्माण कराया गया।
महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरा आयोजन धर्म, आस्था एवं उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ।
