दीक्षांत समारोह की खुशियाँ मातम में बदलीं, सड़क हादसे में पिता का निधन
उज्जैन : कलबुर्गी (कर्नाटक) केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में जहाँ एक ओर उज्जैन के मेधावी छात्र दिव्यांशु सक्सेना को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाना था, वहीं दूसरी ओर एक हृदय विदारक घटना ने इस खुशी को गहरे शोक में बदल दिया।
समारोह में शामिल होने के लिए उज्जैन से गए दिव्यांशु के पिता शिवकुमार सक्सेना स्थानीय होटल से समारोह स्थल की ओर ऑटो रिक्शा से जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग में एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि शिवकुमार सक्सेना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह समाचार मिलते ही पुत्र समारोह स्थल से घटना स्थल पहुंचा। जिस क्षण परिवार अपने पुत्र की उपलब्धि पर गर्व करने वाला था, उसी क्षण नियति ने ऐसा क्रूर मोड़ ले लिया कि खुशियाँ पल भर में आंसुओं में बदल गईं। दिव्यांशु सक्सेना , जो अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण क्षण में सम्मान प्राप्त करने जा रहे थे, अचानक पिता के निधन से गहरे सदमे में आ गए। परिवारजनों और उपस्थित लोगों की आँखें नम हो उठीं।
यह घटना न केवल एक परिवार के लिए असहनीय पीड़ा लेकर आई, बल्कि वहाँ उपस्थित हर व्यक्ति के हृदय को झकझोर गई। जीवन की अनिश्चितता का यह मार्मिक उदाहरण सभी को स्तब्ध कर गया।