आचार्य विश्वरत्नसागर सूरीश्वर का मंगल प्रवेश 17 को, वरघोड़ा निकलेगा।
मक्सी । नगर स्थित अति प्राचीन श्री मक्सी पार्श्वनाथ जैन महातीर्थ में 18 अप्रैल 2026 को भव्य एवं महामांगलिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अपनी धार्मिक महत्ता के साथ-साथ आध्यात्मिक प्रभाव के लिए विशेष रूप से जाना जाता है, जिसमें मंत्रों के प्रभाव से विघ्नों का नाश एवं आधि-व्याधि-उपाधि से मुक्ति की कामना की जाती है।
प.पू. आचार्य देव श्री नवरलसागर सुरीश्वर जी महाराजा
इस पावन आयोजन में परम पूज्य आचार्य देव श्री नवरत्नसागर सूरीश्वरजी म.सा. के शिष्य, युवा हृदय सम्राट एवं आचार्य श्री विश्वरत्नसागर सूरीश्वरजी म.सा. का सान्निध्य प्राप्त होगा। उनके सान्निध्य में होने वाला यह महामांगलिक महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र रहेगा।
प.पू. आचार्य देव श्री विश्वरत्नसागर सुरीश्वर जी महाराजा
कार्यक्रम दोपहर 12:15 बजे से श्रीराम गार्डन, कालाभाटा जैन मंदिर के पीछे, मक्सी में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने हेतु श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक श्रीसंघ, मक्सी महातीर्थ के समस्त सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। साथ ही जगह – जगह स्थानों के श्रीसंघों को भी महामांगलिक में सहभागी बनने हेतु निमंत्रण प्रेषित किए गए हैं।
आचार्य श्री का मंगल प्रवेश 17 अप्रैल को मक्सी नगर में होगा। इस अवसर पर भव्य वरघोड़ा निकाला जाएगा, जो गौरवकुमार शांतिलाल कोठारी के निवास से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। वरघोड़े में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित करेंगे।