इंदौर, (देवेन्द्र साहू) रोबोट चौराहा स्थित श्री चिंतामण हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विशाल शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में हजारों भक्तों ने भाग लेकर धर्म और आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी शैलेंद्र जोशी ने बताया कि श्री चिंतामण सरकार विशेष सजे-धजे रथ और पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान भक्तों ने पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
शोभायात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशेष रूप से नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सनातन परंपरा को जीवंत करते हुए सीताराम, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप धारण कर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रहीं।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह प्रसादी, शीतल पेय और जूस का वितरण किया गया। साथ ही कलाकारों ने शिव-पार्वती और हनुमान के रूप में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस दौरान सुमित मिश्रा (बीजेपी इंदौर नगर अध्यक्ष) भी शोभायात्रा में शामिल हुए और आयोजन की सराहना करते हुए सभी श्रद्धालुओं एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन तीन दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत श्री चिंतामण हनुमान सेवा भक्त मंडल के तत्वावधान में किया जा रहा है। महोत्सव में रुद्राभिषेक, अखंड रामायण पाठ और विशाल भंडारे जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है।
इसी क्रम में युवा मोर्चा द्वारा भव्य स्वागत

सोमेश गोस्वामी (भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल कार्यकारिणी सदस्य) द्वारा बाबा चिंतामण हनुमान जी महाराज की शोभायात्रा का मंच से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को पानी की बोतलों का वितरण भी किया गया।

🔸 पुजारी व अतिथियों का सम्मान
मंच पर श्री चिंतामण हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित श्री शैलेन्द्र जोशी का फूलों से स्वागत किया गया। साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्री लियूष यादव, करणी सेना इंदौर के पूर्व नगर अध्यक्ष श्री गोल्ड चौहान, दीपेश कुशवाहा, शुभम सरोज एवं अन्य युवा साथी भी उपस्थित रहे।
