मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, 18 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट
Spread the love – निवाड़ी-टीकमगढ़-छतरपुर में ऑरेंज अलर्ट,...
माधव एक्सप्रेस/शाजापुर। जिला जेल की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था उस वक्त पूरी तरह से सवालों के घेरे में आ गई, जब रविवार को दिनदहाड़े एक विचाराधीन बंदी जेल की ऊंची दीवार कूदकर फरार हो गया। हत्या के प्रयास (धारा 307) जैसे गंभीर मामले में बंद इस आरोपी के भागने की खबर से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के तुरंत बाद जिले भर में नाकाबंदी कर पुलिस ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
काम के बहाने चकमा देकर हुआ फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना रविवार दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि बंदी जेल परिसर के भीतर ही किसी कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान उसने सुरक्षाकर्मियों की नजर बचाई और मौका पाते ही जेल की दीवार फांदकर भाग निकला। बंदी के गायब होने का पता चलते ही जेल अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए और आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
चार महीने से बंद था आरोपी जीवन
घटना की भनक लगते ही लालघाटी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। लालघाटी थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर (एसआई) हेमंत पटेल ने बताया कि फरार बंदी का नाम जीवन उर्फ जयराम है। आरोपी पिछले चार महीनों से धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत जिला जेल में बंद था। वह मक्सी नई आबादी का रहने वाला है। बंदी के फरार होने के बाद आसपास के सभी संभावित ठिकानों और मार्गों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। एसआई हेमंत पटेल ने दावा किया है कि पुलिस की घेराबंदी मजबूत है और फरार बंदी को जल्द ही दोबारा गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
