इजरायल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25–26 फरवरी 2026 को इज़रायल की राजकीय यात्रा पर तेल अवीव पहुंचे। इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान एयरपोर्ट पर स्वयं नेतन्याहू ने उनकी गर्मजोशी से अगवानी की और औपचारिक स्वागत किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से पहले इज़रायल की संसद क्नेसेट को भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया। यह विशेष प्रकाश सज्जा भारत के प्रति सम्मान और दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों का प्रतीक मानी जा रही है। क्नेसेट के स्पीकर आमिर ओहाना ने भारत-इज़रायल मित्रता को ऐतिहासिक बताते हुए इस पहल की सराहना की।
इस यात्रा को भारत और इज़रायल के बीच दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी, कृषि, नवाचार और क्षेत्रीय सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर उच्चस्तरीय वार्ता होने की संभावना है।
भारत और इज़रायल, दोनों सशक्त लोकतंत्र, साझा चुनौतियों पर सहयोग बढ़ाने और पारस्परिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।