बलरामपुर, 22 सितंबर । राज्य शासन द्वारा समस्त शासकीय सेवकों को एम्प्लॉयी कार्नर ऐप एम्प्लॉयी कार्नर पोर्टल के माध्यम से कार्मिक सम्पदा मॉड्यूल पर अपना प्रोफाईल अद्यतन करने की सुविधा उपलब्ध करायी गई है। इसके तहत् शासकीय सेवकों द्वारा इस मॉड्यूल के उपयोग हेतु उनका ई-केवाईसी किया जाना अनिवार्य है। इस संबंध में संचालक कोष एवं लेखा द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया अनुसार सभी कार्यालय को इस कार्य को समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु लेख किया गया था, परन्तु आज तिथि तक यह कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। भविष्य में शासकीय सेवकों के प्रोफाईल विवरण ई-केवाईसी का उपयोग वेतन आहरण हेतु किया जाना प्रस्तावित है एवं जिनका ई-केवाईसी हो गया है, उनका संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी द्वारा चेकर लॉगिंग से वेरिफाइड किया जाना आवश्यक है, तभी ई-केवाईसी कार्य अपडेट होगा। उक्त कार्य 30 सितम्बर 2025 तक पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।
इस सम्बंध में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के द्वारा जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि अपने अधीनस्थ समस्त अधिकारियों कर्मचारियों का ई-केवाईसी अपडेट निर्धारित तिथि तक करना सुनिश्चित करें। पूर्णता के अभाव में भविष्य में वेतन आहरण में समस्या हो सकती है। साथ ही ई-केवाईसी अपडेशन पूर्णता प्रमाण पत्र माह 30 सितम्बर तक जिला कोषालय कार्यालय बलरामपुर को उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।
