बलरामपुर, 22 सितंबर । बीते दिनों हुई लगातार बारिश के चलते कन्हर नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ा हुआ है। रामानुजगंज स्थित एनीकट से पानी अब भी ऊपर से बह रहा है, बावजूद इसके रविवार शाम को सैकड़ों लोगों ने जान की परवाह किए बिना इसी एनीकट से आवागमन किया। लोग छत्तीसगढ़ से झारखंड और झारखंड से छत्तीसगढ़ की और आने-जाने के लिए जोखिम उठाते रहे।
उल्लेखनीय है कि, रविवार को रामानुजगंज का सबसे बड़ा साप्ताहिक बाजार लगता है, यहीं झारखंड के सीमावर्ती ग्राम गोदारमना में भी साप्ताहिक बाजार आयोजित होता है। इन दोनों राज्यों को जोड़ने वाली दूरी एनीकट के रास्ते मात्र ५०० मीटर ही रह जाती है, इस कारण लोग बारिश और खतरे की परवाह किए बिना एनीकट से ही आना जाना करते हैं।
इसी माह बीते वर्ष एनीकट पार करते समय एक वृद्ध महिला नदी का बहाव तेज होने के कारण फिसल कर नीचे नदी में गिर गई थी। स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बावजूद लोग अपनी जान को जोखिम में डालकर एनीकट पार करते है।
