खाद्य सामग्रियों के नमूने जांच हेतु भेजे गए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला
अम्बिकापुर, 07 अगस्त 2025/
राज्य शासन एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार जिले के अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य जनित बीमारियों, संक्रमण की रोकथाम एवं जन-सामान्य को सुरक्षित खाद्य उपलब्ध कराए जाने हेतु खाद्य विभाग द्वारा जिले में 04 अगस्त से 06 अगस्त तक “बने खाबो- बने रहिबो“ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत व्यापक तौर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा स्ट्रीट फूड वेन्डर्स एवं खाद्य बनाकर परोसने वाले संस्थानों/ रेस्टोरेटों एवं मिठाई दुकानों का सघन जांच किया गया। जांच के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से मिठाई, जलेबी, लड्डू, खोवा, बर्फी इत्यादि खाद्य पदार्थों के कुल 36 नमूने जांच हेतु लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी, रायपुर भेजा गया। इस दौरान आमजनों एवं खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही रक्षाबंधन त्यौहार को देखते हुए दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थ, मिलावटी खोवा, पनीर, कुंदा आदि के नमूने जांच हेतु लिए गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार खाद्य प्रतिष्ठानों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। अभियान के तहत जिले में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के द्वारा कुल 58 नमूने एकत्र कर जांच किए गए। इस दौरान स्ट्रीट फूड वेन्डर्स/हैण्डलर/खाद्य सेवा प्रदायकर्ताओं को विशेषकर वर्षा ऋतु के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित हैंडलिंग, खाद्य पदार्थ की स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, ताजे एवं स्वच्छ भोजन लोगों को परोसे जाने निर्देशित किया गया।
