देवास। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में 50 हजार से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान प्राप्त करने के उपलक्ष्य में देवास नगर निगम द्वारा सफाई मित्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन अर्बन रोड स्थित गार्डन में संपन्न हुआ, जिसमें नगर निगम की स्वच्छता टीम के सभी योद्धाओं – सफाई मित्रों, दरोगाओं और अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक गायत्रीराजे पवार, महापौर गीता अग्रवाल, आयुक्त रजनीश कसेरा, सभापति रवि जैन, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब सभापति रवि जैन स्वयं सफाई मित्र की यूनिफॉर्म पहनकर मंच पर पहुंचे। उनका यह प्रतीकात्मक लेकिन सार्थक कदम सभी के मन को छू गया। उन्होंने कहा —
यह केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि एक सच्चे सम्मान और संवेदना की मिसाल है। हमारे सफाई मित्र ही असली हीरो हैं, जिनकी मेहनत, समर्पण और निष्ठा से देवास आज देश का सबसे स्वच्छ शहर बना है। उनका सम्मान वास्तव में हम सबका सम्मान है।