नागपंचमी पर्व 9 अगस्त को मनाया जायेगा
उज्जैन ./ 09 अगस्त शुक्रवार को नागपंचमी पर्व मनाया जावेगा, जिसमें देश के कोने-कोने से काफी संख्या में श्रद्धालु भगवन नागचन्द्रेश्वर के दर्शन के लिए आयेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
उल्लेखनीय है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर के द्वितीय तल पर श्री नागचन्द्रेश्वर मंदिर के पट साल में एक बार 24 घंटे सिर्फ नागपंचमी के दिन खुलते है। हिंदू धर्म में सदियों से नागों की पूजा करने की परंपरा रही है। हिंदू परंपरा में नागों को भगवान का आभूषण भी माना गया है।
श्री महाकाल मंदिर के गर्भगृह के उपर ओंकरेश्वर मंदिर और उसके भी शीर्ष पर श्री नागचन्द्रेश्वर का मंदिर प्रतिष्ठापित है। श्री नागचन्द्रेश्वर मंदिर में ११ वीं शताब्दी की एक अद्भुत प्रतिमा स्थापित है, प्रतिमा में श्री नागचन्द्रेश्वर स्वयं अपने सात फनों से सुशोभित हो रहे है। साथ में शिव-पार्वती के दोनों वाहन नंदी एवं सिंह भी विराजित है। मूर्ति में श्री गणेश की ललितासन मूर्ति, उमा के दांयी ओर कार्तिकेय की मूर्ति व उपर की ओर सूर्य-चन्द्रमां भी अंकित है। इस प्रकार श्री नागचन्द्रेश्वर की मूर्ति अपने आप में भव्य एवं कलात्मकता का उदहारण है। भगवान के गले और भुजाओं में भुजंग लिपटे हुए है।
कहते हैं कि यह प्रतिमा नेपाल से यहां लाई गई थी। ऐसी मान्यता है कि, उज्जैन के अलावा दुनिया में कहीं भी ऐसी प्रतिमा नहीं है।
इस प्रतिमा के दर्शन के उपरांत अंदर प्रवेश करने पर श्री नागचन्द्रेश्वर की मुख्य प्रतिमा (शिवलिंग) के दर्शन होते है।
08 अगस्त गुरुवार की रात्रि 12 बजे पट खुलेंगे। पट खुलने के बाद रात्रि 12 बजे विशेष पूजा-अर्चना के साथ आम भक्तों के लिये मंदिर के खुल जायेंगे और श्री नागचन्द्रेश्वर महादेव के 09 अगस्त शुक्रवार को लगातार 24 घंटे दर्शन होंगे। मंदिर के पट शुक्रवार की रात्रि 12 बजे बंद होंगे।
श्री नागचन्द्रेश्वर भगवान की होगी त्रिकाल पूजा
नागपंचमी पर्व पर भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर की त्रिकाल पूजा होगी। जिसमें गुरुवार 08 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे पट खुलने के पश्चात श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाडे के महंत श्री विनितगिरी जी महाराज एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री नीरज कुमार सिंह द्वारा प्रथम पूजन व अभिषेक किया जावेगा।
शुक्रवार 09 अगस्त को अपरान्ह: 12 बजे अखाडे द्वारा पूजन होगा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा शुक्रवार 09 अगस्त को ही श्री महाकालेश्वर भगवान की सायं आरती के पश्चात श्री नागचन्द्रेश्वर जी की पूजन-आरती श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी एवं पुरोहितों द्वारा की जावेगी।
भीड़ प्रबंधन हेतु यातायात को सुगम बनाने के लिये डायवर्शन एवं पार्किंग व्यवस्था रहेगी
डायवर्शन एवं पार्किंग प्लान
बड़नगर से आने वाले वाहन मोहनपुरा ब्रिज के नीचे से मुल्लापुरा से भेरूपुरा होकर शंकराचार्य चौराहे के पास कार्तिक मेला मैदान में पार्क होंगे। नागदा की ओर से आने वाले वाहन साड़ूमाता की बावड़ी, कुत्ता बावड़ी टर्निंग से रातड़िया रोड से राठौर क्षत्रिय तेली समाज मैदान में पार्क होंगे। आगर से आने वाले वाहनों को मकोड़ियाआम चौराहे से खाकचौक से जाट धर्मशाला से जूना सोमवारिया से कार्तिक मेला ग्राउण्ड में पार्क कराये जायेंगे। इसी तरह आगर से आने वाली बसों एवं बड़े वाहनों को चौपाल सागर से उन्हेल नाका से साड़ूमाता की बावड़ी से कुत्ता बावड़ी से राठौर क्षत्रिय तेली समाज मैदान में पार्क कराया जायेगा। मक्सी, देवास, भोपाल, इन्दौर की तरफ से आने वाले चारपहिया वाहनों को मन्नत गार्डन एवं वाकणकर ब्रिज पार्किंग तथा कर्कराज एवं हरिफाटक ब्रिज के नीचे पार्क कराया जायेगा। पार्किंग पी-5 के भर जाने पर मक्सी, इन्दौर, देवास, भोपाल की ओर से आने वाले वाहनों को इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान में पार्क कराया जायेगा।
दोपहिया वाहन पार्किंग प्लान
इन्दौर, देवास, मक्सी रोड से आने वाले समस्त दोपहिया वाहन हरिफाटक चौराहे से आगे लालपुल टर्निंग से कलोता समाज की पार्किंग में पार्क कराये जायेंगे। बड़नगर एवं नागदा की ओर से आने वाले समस्त दोपहिया वाहनों को शंकराचार्य चौराहे के पास गुरुद्वारा की भूमि पर पार्क कराया जायेगा।
भारी वाहनों के डायवर्शन का प्लान
इन्दौर से नागदा, आगर एवं मक्सी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को तपोभूमि से नरवर बायपास होकर मारूति शोरूम, सैफी पेट्रोल पम्प से श्री सिंथेटिक्स होते हुए नागदा, आगर एवं मक्सी की ओर डायवर्शन किया जायेगा। मक्सी से देवास एवं इन्दौर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को श्री सिंथेटिक्स से सैफी पेट्रोल पम्प, मारूति शोरूम से देवास रोड एवं नरवर बायपास से तपोभूमि होकर इन्दौर के लिये डायवर्शन किया जायेगा।
आकस्मिक पार्किंग
उपरोक्त पार्किंग क्षेत्रों के पूर्णत: भर जाने पर प्रशांतिधाम एवं शनि मन्दिर पार्किंग को आकस्मिक पार्किंग के लिये उपयोग किया जायेगा।
वाहन प्रतिबंधित मार्ग
उक्त मार्गों पर गुरुवार 8 अगस्त की शाम 4 बजे से समस्त प्रकार के वाहन निम्नानुसार प्रतिबंधित रहेंगे- हरिफाटक टी से महाकाल घाटी चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश 8 अगस्त की शाम 4 बजे से पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। हरिफाटक टी से इंटरप्रिटेशन की तरफ वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। जन्तर-मन्तर से जयसिंहपुरा, चारधाम पार्किंग की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। शंकराचार्य चौराहे से नृसिंह घाट तरफ वाहनों का प्रवेश, शंकराचार्य चौराहे से दानीगेट की तरफ वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। भूखीमाता टर्निंग से नृसिंह घाट की तरफ, दौलतगंज से लोहा पुल की तरफ, कण्ठाल चौराहा से छत्रीचौक की तरफ वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। तेलीवाड़ा से कमरी मार्ग, दानीगेट से गणगौर दरवाजा, हरसिद्धि पाल की तरफ, केडी गेट से टंकी चौराहा तरफ और भार्गव तिराहा से कमरी मार्ग की तरफ वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
