मध्य प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष के रूप में युवा नेता जीतू पटवारी का पार्टी ने चयन किया है. आज भोपाल में उन्होंने पदभार ग्रहण किया. इससे पहले पटवारी इंदौर से उज्जैन पहुंचे. यहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए.
उज्जैन//।मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को बड़े काफिले के साथ भगवान का आशीर्वाद लेने के लिए उज्जैन पहुंचे. उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की. महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश बंद होने की वजह से उन्होंने मंदिर की चौखट पर ही शीश नवाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल से यह प्रार्थना की है कि बीजेपी सरकार ने जो जनता से वादे की है उसे वह पूरी करें.जीतू पटवारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लाडली बहनों को ₹3000 तक दिए जाने का वादा किया था. इसके अलावा किसानों को 2700 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदने सहित कई वादे किए गए थे, जिन्हें सरकार को पूरा करना चाहिए.
जीतू पटवारी ने कहा, मेरी मुख्यमंत्री जी से आशा है कि जब कैबिनेट के पहले बैठक करें तभी घोषणा पत्र में दिए गए सभी वचनों को पूर्ण करें। वरना पूरे मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता उन बहनों, किसानों और युवाओं के लिए सड़क पर आकर आंदोलन करेगा और मुख्यमंत्री से अनुरोध करेगा कि वह घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करें। जनवरी में हम भोपाल से वादा निभाओ की शुरुआत करेंगे, इसके बाद यह आंदोलन पूरे मध्यप्रदेश में किया जाएगा।
