शहडोल । कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को शहडोल जिले के दौरे पर रहे। यहां राहुल गांधी ने जन आक्रोश सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने वरिष्ठ भाजपा नेता आडवानी की एक किताब का जिक्र करते हुए कहा कि आडवानी जी ने कहा था कि आरएसएस और भाजपा का सच्चा कारखाना गुजरात में नहीं है मगर मध्यप्रदेश में है। आडवानी जी ने कहा था कि मध्यप्रदेश उनका कारखाना है तो मैंने सोचा कि चलो देखें। मैं आपको इसके दो तीन उदाहरण देना चाहता हूं। भाजपा पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि भाजपा की लेबोरेटरी में मरे हुए लोगों का इलाज किया जाता है और उनका पैसा चोरी कर लिया जाता है। देश के किसी भी प्रदेश में मरे हुए लोगों का इलाज नहीं किया जाता, लेकिन मप्र में मरे हुए लोगों का इलाज किया जाता है। चुनाव की तारीख का ऐलान होने के बाद राहुल गांधी का ये पहला और 10 दिन के अंदर दूसरा मप्र का दौरा है। इससे पहले वे 30 सितंबर को शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र में जन आक्रोश रैली में शामिल होने आए थे। विंध्य क्षेत्र की 30 विधानसभा सीट में पिछली बार कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर नहीं था। 30 में से सिर्फ 6 सीट ही कांग्रेस को मिली थीं। जाति जनगणना कराने की घोषणा राहुल गांधी ने शहडोल में एक बार फिर जाति जनगणना कराने का मुद्दा उठाया। राहुल ने कहा कि हिन्दुस्तान की सरकार को 90 अफसर चलाते हैं। केंद्र सरकार का कोई भी निर्णय हो छोटे से छोटा, बड़े से बड़ा, मनरेगा कैसे काम करेगी। ये सारे निर्णय अंत में ये 90 अफसर साइन कर के निर्णय लेते हैं। 90 अफसरों में से तीन अफसर ओबीसी वर्ग के हैं। ये जो पूरा बजट है इसमें से सिर्फ पांच परसेंट बजट ओबीसी अफसर तय करते हैं। अगर सरकार 100 रुपये खर्च करती है तो ओबीसी अफसर पांच रुपये का निर्णय लेते हैं। अगर सरकार 100 रुपये खर्च करती है और ओबीसी पांच रुपये का निर्णय लेते हैं तो बताइए आदिवासी कितने रुपये का निर्णय लेते हैं। आदिवासी अफसर कितने रुपये का निर्णय लेते हैं। शर्म की बात है 100 रुपये में से आदिवासी अफसर पांच रुपये का भी निर्णय नहीं लेते। आदिवासी अफसर सिर्फ 10 पैसे का निर्णय लेता है। इससे बड़ा आदिवासी वर्ग का अपमान किया जा सकता है क्या? आदिवासियों को इस देश में कितना हक मिलना चाहिए, ओबीसी, एससी, एसटी को कितना हक मिलना चाहिए, इसलिए हमने जाति जनगणना की बात की है और हम करवा के दिखाएंगे। राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम आपसे झूठ बोलने नहीं आए हैं। जाति जनगणना कराएंगे। भाजपा नहीं कराएगी तो हम दबाव डालेंगे। हम कराएंगे। शिवराज सरकार को भ्रष्टाचार पर घेरा भाजपा पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि भाजपा की लेबोरेटरी में मरे हुए लोगों का इलाज किया जाता है और उनका पैसा चोरी कर लिया जाता है। देश के किसी भी प्रदेश में मरे हुए लोगों का इलाज नहीं किया जाता, लेकिन मध्यप्रदेश में मरे हुए लोगों का इलाज किया जाता है। राहुल गांधी ने महाकाल घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश में महाकाल के पैसे चोरी नहीं किए जाते लेकिन मध्यप्रदेश में महाकाल से चोरी की जाती है। महाकाल लोक में घोटाला किया जाता है। बच्चों की किताबों, मिड डे मील का पैसा मध्यप्रदेश में चोरी किया जाता है। पटवारी घोटाला और व्यापमं का मुद्दा भी छेड़ा व्यापमं में एक करोड़ युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जाता है। पटवारी बनने के लिए 15 लाख की रिश्वत ली जाती है। भाजपा की लैबोरेटरी में हर रोज तीन किसान आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा पर हमलावर होते हुए राहुल ने कहा कि भाजपा के कारखाने में हर रोज महिलाओं से दुष्कर्म हो रहा है। भाजपा की लैबोरेटरी में बीजपी नेता आदिवासियों के ऊपर पेशाब करते हैं। जो जानवरों को भी नहीं खिलाया जाता वो यहां आदिवासियों को खिलाया जाता है। पीएम मोदी के वनवासी कहने पर साधा निशाना राहुल गांधी ने पीएम मोदी के आदिवासियों को वनवासी कहने पर घेरा और कहा कि शब्द बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। आदिवासी शब्द का मतलब जो पहले आये थे, जो इस जमीन के मालिक थे। उनको हम आदिवासी कहते हैं। मतलब ये कोई खोखला शब्द नहीं है। इसका मतलब हिन्दुस्तान की जमीन, जल, जंगल पर आपका सबसे पहला हक बनता है। दूसरी तरफ वनवासी मतलब आपका जमीन पर हक नहीं बनता, इसलिए भाजपा के नेता आदिवासियों पर पेशाब करते हैं। इनका कहना है कि आपको जंगल में रहना है। ये आदिवासी और वनवासी शब्द का फर्क है। पहले मोदी भाषणों में वनवासी कहते थे, मैंने कहा आप आदिवासियों का अपमान मत करो। अब वो वनवासी नहीं कहते अब आदिवासी कहते हैं, लेकिन दिल और दिमाग में वनवासी। हमारी नियत साफ है। दिल, दिमाग, मुंह, कर्मों से आदिवासी। डरा-धमका कर भाजपा ने जमीन छीनी आदिवासियों की जमीन अधिग्रहण पर भी राहुल ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। राहुल ने कहा कि भाजपा सरकार ने धमकी देकर, डरा कर आपसे जमीन छीनी। जोबट, मंडला, डिंडौरी में आपने धरना दिया। कहा कि जमीन नहीं देना चाहते मगर हिंसा के साथ आपको हटाकर जो आपका (आदिवासी) है उसे छीना गया। मैं आपको गारंटी देता हूं जो आपका है आपको दे देंगे। जमीन का हक आपको दे देंगे। हम आदिवासियों को उनका हक देंगे राहुल गांधी ने कांग्रेस शासित राज्यों का जिक्र करते हुए कहा कि छग, कर्नाटक, राजस्थान की सरकार ने काम शुरू कर दिया है। एमपी में सरकार आते ही हम पहला काम जाति जनगणना का करेंगे। हम आदिवासी वर्ग को हिन्दुस्तान की हिस्सेदारी देना चाहते हैं। पहला कदम जाति जनगणना है। राहुल गांधी ने दी गांरटी राहुल गांधी ने एमपी में कांग्रेस की सरकार बनने पर कहा कि हर माह 15 सौ रुपये माताओं बहनों को मिलेगा। 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा, 100 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी, आदिवासियों के लिए तेंदुपत्ता तोडऩे पर चार हजार रुपये मिलेंगे। राहुल ने कहा कि तेंदुपत्ता की मजदूरी का पैसा तीन से चार हजार रुपये तक हम बढ़ा रहे हैं। शिवराज के पास 35 दिन और बचे: कमलनाथ मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि इस चुनाव में एक उम्मीदवार या पार्टी का फैसला नहीं होना है, मध्यप्रदेश के भविष्य का फैसला होना है। शिवराज सिंह अब 35 दिन बचे हैं। जनता आपकी कलाकारी – झूठ को पहचान चुकी है। मतदाता आपको विदा करने का इंतजार कर रहे हैं। 35 दिन में आपका दबाने, छिपाने और डराने का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है।
