इन्दौर । उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ पर इन्दौर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होने शिवाजी प्रतिमा स्मारक का लोकार्पण किया। इस मौके पर सांसद शंकर लालवानी, मंत्री उषा ठाकुर, तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित विधायक व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
इन्दौर में बीआरटीएस मार्ग पर वर्ष 1970 में निर्मित उद्यान (शिवाजी वाटिका) में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई थी। नगर निगम ने महाराज की शौर्य गाथा के प्रतीक स्वरूप उनकी प्रतिमा को किले की प्रतिकृति के समान स्मारक में पुनर्स्थापित करते हुए यहां नवनिर्माण किया है। स्मारक निर्माण के लिए रायगढ़ किला और महाराज द्वारा मराठा स्थापत्य शैली में निर्मित अन्य किलों की संरचना का सूक्ष्म अध्ययन किया गया है। दुर्ग और प्रतिमा की परिकल्पना इस प्रकार की गई है जैसे कि महाराज अश्वारूढ होकर युद्ध पर जाने के लिए किले के मुख्य प्रवेश द्वार से बाहर आ रहे हैं।
लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को महापौर भार्गव व अन्य जनप्रतिनिधियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्मृति के रूप में भेंट की।
