यूपी के 6 जिलों समेत 9 राज्यों के 324 ठिकानों पर एनआईए ने की थी छापामारी
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली के बाद पूर्वांचल के बाहुबली नेताओं की पसंद बना विश्नोई गैंग
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के छह जिलों समेत 9 राज्यों के 324 ठिकानों पर की गई एनआईए की छापेमारी में लॉरेंस बिश्नोई को लेकर अहम जानकारियां सामने आई हैं। पंजाब के लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के बाद यूपी के अंडरवर्ल्ड और माफिया के बीच गहरी पैठ बना ली है। हथियारों की सप्लाई, फरारी के दौरान वेस्ट यूपी से लेकर पूर्वांचल तक हाइडआउट हों या फिर सुपारी किलिंग और गैंगवॉर में दुश्मनों को निपटाने की बात ज्यादातर मामलों में लॉरेंस गैंग की संलिप्तता सामने आ रही है। गैंगस्टर लॉरेंस ने वेस्ट यूपी के कुख्यात और पूर्वांचल के बाहुबली नेता के जरिए वेस्ट यूपी से लेकर पूर्वांचल तक अपने हाइड आउट और सप्लाई चेन बना ली है।
एनआईए ने यूपी के छह जिलों लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, मेरठ और बागपत में छापेमारी की थी। अयोध्या और लखनऊ में एनआईए ने जिस विकास सिंह के यहां छापेमारी की थी, वह पूर्वांचल के दो बाहुबली नेताओं का काफी करीबी है। एनआईए ने उससे पूछताछ भी की थी।
दरअसल, 9 मई 2022 को मोहाली में इंटेलिजेंस मुख्यालय में हुए आरपीजी अटैक के बाद एजेंसियों की जांच में उसका अयोध्या कनेक्शन सामने आया था। इस हमले में शामिल दो आरोपियों को अयोध्या, सुल्तानपुर में शरण देने की बात सामने आई थी। आरोपियों में से एक नाबालिग अयोध्या का ही रहने वाला है। इसे कुछ माह पहले ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुजरात से गिरफ्तार किया था।
विधानसभा चुनाव-2022 से पहले यूपी के बाहुबली एमएलए की हत्या के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लोग कई दिनों तक अयोध्या में डेरा डाले रहे थे। इनमें लॉरेंस का भतीजा सचिन बिश्नोई, मूसेवाला हत्याकांड में शामिल कपिल पंडित और अन्य लोग थे। गैंग के लोगों को अयोध्या के एक हिस्ट्रीशीटर और लोकल नेता का पूरा सपोर्ट मिला हुआ था। इन लोगों के रुकने, रहने का इंतजाम इन दोनों के द्वारा ही किया गया था।
यूपी की राजधानी लखनऊ में हुए मुख्तार गैंग के करीबी गैंगस्टर अजीत सिंह की सनसनीखेज हत्या में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था। दरअसल, हत्याकांड को अंजाम देने वालों में लॉरेंस गैंग का शूटर राजन जाट उर्फ कुणाल भी शामिल था। राजन को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
एनआईए ने बुलंदशहर के खुर्जा निवासी मोहम्मद शाहबाज अंसारी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि वह सहारनपुर के बड़गांव में छिपा हुआ था। इसी तरह मेरठ में हुए प्रयाग हत्याकांड के मुख्य आरोपी सनी काकरान और अतुल जाट के भी लॉरेंस गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई थी। दरअसल, प्रयाग की हत्या में इस्तेमाल कार और हथियार लॉरेंस गैंग दीपक बॉक्सर ने ही उपलब्ध कराई थी। दीपक बॉक्सर का नाम हाल ही में तिहाड़ जेल में हुए टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड में भी सामने आया है।
