मुम्बई । शरद पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भतीजे अजित पवार की गैरमौजूदगी ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शरद पवार ने पत्रकारों से अपना इस्तीफा वापस लेने की वजह बताते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उनपर इस्तीफा वापस लेने का लगातार दबाव बना रहे थे। उन्होंने ये फैसला उनके दबाव की वजह से ही लिया है।
प्रेस कांफ्रेंस में अजित पवार के ना होने को लेकर पूछ गए सवाल पर शरद पवार ने कहा कि ये अनिवार्य नहीं था कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद ही रहें। ऐसे कई हैं जो यहां अभी मौजूद नहीं हैं लेकिन वो सुबह कमेटी की बैठक में मौजूद थे। इसके बाद सभी ने एक साथ आकर मुझे बताया था कि वो मेरे साथ हैं और वो सब ये चाहते हैं कि मैं अपने फैसले को वापस लूं।
शरद पवार ने आगे कहा कि मैं इस बात से सहमत हूं कि मुझे अपने इस्तीफे की घोषणा से पहले पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से बात करनी चाहिए थी। लेकिन अगर मैं ऐसा करता तो वो इसके लिए तैयार नहीं होते। उन्होंने पार्टी नेताओं द्वारा पार्टी छोड़ने की अफवाहों को लेकर भी बयान दिया। पवार ने कहा कि अगर कोई पार्टी छोड़कर जाना चाहता है तो उसे कोई रोक नहीं सकता है। लेकिन हमारी पार्टी से कोई जाना चाहता है इस बात में कोई सच्चाई नहीं है।
शरद पवार ने आगे कहा कि मैंने पार्टी के नेताओं से बात की है और उन्हें बताया है कि आने वाले दिनों में मैं पार्टी के अंदर कई नए लोगों को नई जिम्मेदारियां देने की सोच रहा हूं। जो जिला स्तर पर पार्टी के लिए काम कर रहे हैं उन्हें राज्य के स्तर पर जिम्मेदारियां दी जाएंगी। जो लोग बीते कई सालों से राज्य के स्तर पर काम कर रहे हैं उन्हें पार्टी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का मौका दिया जाएगा।
