हॉस्टल में रहने वाली बालिकाओं एवं महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ तिरंगे को राखी बांध कर लिया यह संकल्प।
इंदौर -दिनांक 11 अगस्त 2022– आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर देश में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री हरिनारायणचारी मिश्र एवं अति. पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) श्री राजेश हिंगणकर व अति. पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री मनीष कपूरिया के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस द्वारा विभिन्न संगठनों आदि के साथ मिलकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने हेतु प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में आज दिनांक 11.08.22 को रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर, शहर में अपने परिवार से दूर इंद्रपुरी क्षेत्र में हॉस्टल में रहने वाली बहनों के बीच इंदौर पुलिस के भाई उप निरीक्षक शिवम ठक्कर एवं उनकी टीम पहुंची। हॉस्टल में रहने वाली इन बहनों ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और राखी के इस त्योहार पर अपने भाइयों से दूर रहने की कमी को कम करने के इंदौर पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
इस दौरान बालिकाओं एवं महिलाओं द्वारा पुलिस की कलाइयों के साथ तिरंगे को भी रक्षा सूत्र बांधे और संकल्प लिया कि, मैं अपने देश की शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान की भी सदैव रक्षा करूंगी। और कहा हम इस हर घर तिरंगा अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लेकर अपने इस राष्ट्रीय पर्व को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे
