इंदौर- दिनांक 19 अप्रेल 2022- वर्ष 2020 के कोरोना काल के शुरुआती समय , जब इस खतरनाक बीमारी के संबंध में कोई जानकारी नहीं थी और यह अपने आप में एक अदृश्य शत्रु था, उस संकट के समय भी हमारे कोरोना वाॅरियर्स ने फ्रंट लाईन में आकर इस वैश्विक महामारी से जंग लड़ रहे थे, और इसी जंग में हमारे इंदौर पुलिस के कर्मवीर योद्धा जूनी इंदौर थाने के तत्कालीन टीआइ स्व. श्री देवेंद्र चंद्रवंशी, इस अदृश्य शत्रु से लड़ते हुए शहीद हो गये थे ।
इंदौर पुलिस के इस वीर सपूत स्व. श्री देवेंद्र चंद्रवंशी की द्वितीय पुण्यतिथि पर इंदौर पुलिस द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री हरिनारायणाचारी मिश्र, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त इंदौर श्री मनीष कपूरिया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री प्रशांत चौबे, सहायक पुलिस आयुक्त जूनी इंदौर श्री दीशेष अग्रवाल, थाना प्रभारी जूनी इंदौर अभय नेमा व थाना जूनी इन्दौर का समस्त स्टाफ, नगर सुरक्षा समिति के थाना संयोजक महेन्द्रपाल सिंह (मामाजी) तथा अन्य सदस्य एवं समाज के अन्य प्रबुद्धजनों ने कर्मवीर योद्धा स्व. श्री देवेंद्र चंद्रवंशी की शहादत को याद करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
