Spread the loveराशिफल : 01 नवंबर , 2026...
सरदार पटेल की जयंती पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी श्रद्धांजलि, राजकीय समारोह में कई मंत्री हुए शामिल
पटना, 31 अक्टूबर । देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राजधानी पटना में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। चितकोहरा पुल के निकट पटेल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल प्रतिमा प्रांगण में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने भी सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
समारोह में विधायक श्याम रजक, संजीव चौरसिया और संजय कुमार, बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता तथा पूर्व विधान पार्षद कुमुद वर्मा सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी सरदार पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
राजकीय समारोह के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने आरती-पूजन, भजन-कीर्तन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों से समारोह स्थल पर देशभक्ति का वातावरण बना रहा।
उल्लेखनीय है कि देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही आजादी के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक योगदान दिया था। राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनके योगदान के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को उनकी जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।
