नगर परिषद थांदला को मिली नवीन स्काई लिफ्ट वाहन की सौगात
अध्यक्ष लक्ष्मी सुनील पणदा ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
थांदला से विवेक व्यास दैनिक माधव एक्सप्रेस
थांदला। नगर परिषद थांदला द्वारा नगर में विद्युत व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पणदा ने अजा एकादशी के शुभ अवसर पर नवीन स्काई लिफ्ट वाहन का विधिवत शुभारंभ कर उसे हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिला उपाध्यक्ष समर्थ गोल उपाध्याय, पिछड़ा मोर्चा मुकेश चौहान, अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील पणदा एल्डरमैन दीपक राठौड़ मेहता ,पार्षद धापू वसुनिया पार्षद माया सचिन सोलंकी नगर परिषद सीएमओ कमलेश जायसवाल सहित परिषद के कर्मचारी उपस्थित थे
नगर में विभिन्न स्थानों पर लगे विद्युत खंभों एवं ऊंचे पोल पर लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव के दौरान लाइनमैन कर्मचारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वहीं नगर में ऊंचे विद्युत पोल लगाए जाने के बाद लाइटों की मरम्मत के लिए स्काई लिफ्ट वाहन की आवश्यकता और अधिक महसूस की जा रही थी।
लाइनमैन कर्मचारियों द्वारा लंबे समय से स्काई लिफ्ट वाहन उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। कर्मचारियों की इस निरंतर मांग और नगर की आवश्यकता को देखते हुए नगर परिषद द्वारा नवीन स्काई लिफ्ट वाहन उपलब्ध कराया गया है।
शुभारंभ अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुनील पणदा ने कहा कि इस वाहन के माध्यम से ऊंचाई पर लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य अधिक सुगमता और सुरक्षित तरीके से किया जा सकेगा। इससे नगर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
नवीन स्काई लिफ्ट वाहन मिलने से नगर परिषद के लाइनमैन कर्मचारियों में भी उत्साह देखा गया। अब ऊंचे पोल पर लगी लाइटों की मरम्मत के कार्य में समय की बचत के साथ कर्मचारियों को भी सुविधा मिलेगी।