क्षेत्रीय कार्यालय, कर्मचारी राज्य बीमा निगम, इंदौर में विशेष आयोजन
इंदौर, 14 अगस्त 2026: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), क्षेत्रीय कार्यालय, इंदौर में आज दिनांक 14 अगस्त 2026 को विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 200वीं बैठक तथा क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर में राजभाषा कार्यान्वयन के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय निदेशक श्री संजीव मिश्र ने की। कार्यक्रम का संचालन समिति के सदस्य सचिव एवं सहायक निदेशक (राजभाषा) श्री सुनील कुमार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय, इंदौर के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में क्षेत्रीय निदेशक श्री संजीव मिश्र ने राजभाषा हिंदी के सरकारी कामकाज में महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “हिंदी केवल संचार का माध्यम ही नहीं, बल्कि प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाने का सशक्त माध्यम है।“
इस अवसर पर राजभाषा कार्यान्वयन के 50 वर्ष पूर्ण होने को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए राजभाषा के क्षेत्र में अब तक की प्रगति, उपलब्धियों एवं भविष्य की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। 200वीं बैठक राजभाषा कार्यान्वयन की निरंतरता, प्रतिबद्धता और संस्थागत प्रयासों का महत्वपूर्ण प्रतीक रही।
इस ऐतिहासिक अवसर पर एक विशेष स्मारिका (Souvenir) का विमोचन भी किया गया। स्मारिका में राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग तथा राजभाषा से संबंधित विभिन्न विषयों पर उपयोगी सामग्री एवं आलेखों को सम्मिलित किया गया है। स्मारिका का विमोचन कार्यक्रम के लिए एक विशेष आकर्षण रहा और इसे राजभाषा कार्यान्वयन के 50 वर्षों की यात्रा की स्मृति के रूप में महत्वपूर्ण बताया गया।
समिति के सदस्य सचिव एवं सहायक निदेशक (राजभाषा) श्री सुनील कुमार ने बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए राजभाषा कार्यान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला तथा कार्यालय में हिंदी के प्रयोग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक के उपरांत विशेष राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान श्री सुनील कुमार, सहायक निदेशक (राजभाषा), द्वारा संघ की राजभाषा नीति विषय पर व्याख्यान दिया गया। इसके पश्चात कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी एवं राजभाषा हिंदी विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय निदेशक श्री संजीव मिश्र ने अपने उद्बोधन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया तथा कार्यशाला में साझा की गई जानकारी को दैनिक कार्यालयीन कार्यों में अपनाने पर बल दिया। क्षेत्रीय निदेशक के उद्बोधन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।